नागपुर. महाराष्ट्र के नागपुर जिले के मौदा तहसील स्थित झुल्लर गांव में मंगलवार सुबह एक ईंट भट्टा में बॉयलर फटने से एक मजदूर की मौत हो गई और नौ अन्य घायल हो गए. पुलिस ने इस घटना की पुष्टि की है.
यह हादसा श्रीजी ब्लॉक नामक ईंट फैक्ट्री में उस समय हुआ जब सवेरे के समय बड़े सीमेंट ब्लॉकों के निर्माण का काम चल रहा था. बॉयलर फटने के कारण जोरदार धमाका हुआ जिसकी आवाज सुनकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई, धमाके की चपेट में आकर दस मजदूर बुरी तरह झुलस गए. इनमें से एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य नौ घायल मजदूरों को तत्काल नागपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सभी घायलों की हालत स्थिर है और उनका इलाज जारी है। घटना के तुरंत बाद, स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे और फंसे हुए मजदूरों की सहायता शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल की छानबीन करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस दुर्घटना ने एक बार फिर औद्योगिक सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने फैक्ट्री में सुरक्षा उपायों की समीक्षा करने और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कठोर कदम उठाने का आश्वासन दिया है।













