नागपुर . नागपुर के मध्य क्षेत्र में शिवाजी नाईट स्कूल, सीए रोड, सेवा सदन चौक पर अल्पसंख्यक कांग्रेस कमेटी द्वारा एक भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का नेतृत्व नागपुर शहर अल्पसंख्यक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष वसीम ख़ान ने किया। शिविर में 60 लोगों ने रक्तदान किया। वसीम ख़ान ने बताया कि वह कई वर्षों से इस प्रकार के रक्तदान शिविर आयोजित करते आ रहे हैं। हर बार इंदिरा गांधी शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (मेयो) के ब्लड बैंक की टीम को आमंत्रित किया जाता है। उन्होंने यह भी बताया कि मेयो ब्लड बैंक की टीम रक्तदाताओं को प्रमाणपत्र और एक विशेष कार्ड प्रदान करती है। इस कार्ड के माध्यम से जरूरतमंदों को सरकारी अस्पतालों में मुफ्त रक्त उपलब्ध कराया जाता है। वसीम ख़ान ने कहा कि वह इस कार्ड को अपने पास रखते हैं और जब भी किसी को खून की जरूरत होती है, तो इसे प्रदान करते हैं। शिविर में महाराष्ट्र कांग्रेस कमेटी व्यापारी सेल के अध्यक्ष अतुल कोटेचा, नागपुर शहर कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष रिंकु जैन, मिलिंद दोपारे, राजा भाऊ चिलाटे, ब्लॉक अध्यक्ष गोपाल पट्टम, मेहूल आडवाणी, आशीष दीक्षित, फ़िरोज़ ख़ान, इमरान शेख़, मुजाहिद ख़ान सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। शहर अध्यक्ष वसीम ख़ान ने सभी रक्तदाताओं और सहयोगियों का दिल से आभार व्यक्त किया।











